Wednesday 29 January 2014

राहुल के 'दरबार' के बाहर लगेगी 'मोदी की चाय' की दुकान


राहुल के 'दरबार' के बाहर लगेगी 'मोदी की चाय' की दुकान, जानें क्या होगा

रायपुर. देश में ऐसा पहली बार होने जा रहा है जब लोग कांग्रेस के प्रधानमंत्री पद के अघोषित उम्मीदवार राहुल गांधी का भाषण सुनेंगे और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी की चाय पियेंगे। बुधवार को राहुल राजधानी के इंडोर स्टेडियम में कांग्रेसियों व किसानों से मिलेंगे। जब कांग्रेसी बाहर निकलेंगे तो भाजयुमो उन्हें फ्री में मोदी-चाय सर्व करेगा।
स्टेडियम के बाहर मोदी टी स्टाल होगा। इसमें मोदी के पोस्टर लगे होंगे। भाजपा की युवा विंग लोगों को चाय पिलाएगी। कांग्रेस के कार्यक्रम के समानांतर भाजयुमो यह गेम खेलेगी। वह इसके जरिए मोदी की आम आदमी की छवि को और पुख्ता करने की कोशिश करेगी। भाजयुमो लोगों को यह संदेश देगा कि मोदी आम आदमी हैं जबकि राहुल शहजादे। भाजपा चाय बेचने वाले को भी प्रधानमंत्री बना सकती है। भाजयुमो के इस कदम से स्टेडियम के पास शांति व्यवस्था पर सवाल खड़े हो सकते हैं। हालांकि मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव का कहना है कि यह कार्यक्रम पहले से तय कर रखा था। मोर्चा कालेज कैंपसों और सार्वजनिक स्थानों पर भी ऐसा करने जा रहा है।

मोदी से सीधे बात करेंगे शहरवासी
आने वाले दिनों में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी राजधानी के लोगों से सीधे बात करेंगे। जनता उनसे सवाल - जवाब कर सकेगी। मोदी भी उन्हें बताएंगे कि आखिर उनकी दिल्ली में सरकार क्यों बननी चाहिए। यह सब होगा प्रदेश के प्रमुख स्थानों पर, जहां भाजपा आयोजित करेगी - चाय पर चर्चा। चाय की चौपाल कार्यक्रम सीधे मोदी की भेजी हुई टीम देख रही है। इस टीम को सीएजी नाम दिया गया है। इसी टीम के दो मेंबर राजधानी डेरा डाले हुए हैं। उनके दौरे को बेहद गोपनीय रखा गया है। वे सीधे मोदी को रिपोर्ट करते हैं। यह टीम मोदी के सरदार पटेल की स्टेच्यू वाले प्रोजेक्ट पर भी काम कर रही है। चाय पर चर्चा वाले कार्यक्रम में भाजयुमो की टीम उनकी मदद कर रहा है।


No comments:

Post a Comment