Thursday 23 January 2014

मोदी का जादू , भाजपा बनेगी सबसे बड़ी पार्टी


यूपी में यहां-यहां जीतेगी भाजपा?

मोदी के जादू से मिलेगी भाजपा को ताकत

अलग-अलग ओपिनियन पोल के मुताबिक मोदी अगले आम चुनाव में पार्टी की नैया पार लगा सकते हैं जबकि कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी पार्टी की किस्‍मत बदलने में नाकाम रह सकते हैं।

इंडिया टुडे ग्रुप-सी वोटर के ताजा सर्वे के मुताबिक लोकसभा चुनाव-2014 में यूपी में कांग्रेस का सफाया हो सकता है जबकि बिहार में बीजेपी को फायदा हो सकता है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश और राजस्‍थान में भी बीजेपी को फायदा हो सकता है।

कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले यूपी के अमे‍ठी और रायबरेली को छोड़कर पूरे सूबे में कांग्रेस की नैया डूबती दिख रही है। सर्वेक्षण के मुताबिक अगर अभी चुनाव हुए तो यूपी में कांग्रेस केवल चार सीटों तक सिमट सकती है। वर्ष 2009 में हुए लोकसभा चुनावों में पार्टी को 21 सीटें मिली थीं।

ताजा सर्वेक्षण के मुताबिक यूपी में बीजेपी की सीटें 10 से बढ़कर 30 होने का अनुमान है। सपा को पिछली बार की 23 की तुलना में 20 सीटें मिल सकती हैं वहीं, बीएसपी की सीटें 20 से बढ़कर 24 हो सकती हैं। अमेठी में कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी को आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्‍वास से कोई खतरा नहीं है।

बीजेपी का मिलेगी 300 सीटें?

लोकसभा चुनाव-2014 के होने से पहले ही ओपिनियन पोल की आई बाढ़ में बीजेपी ने अपना परचम लहरा दिया है।

देश की सियासी नब्ज टटोलने के लिए आईबीएन7 और CSDS का देशव्यापी सर्वे लाया है। 5 से 15 जनवरी के बीच CSDS ने देश के 18 राज्यों में ये सर्वे किया। 1081 स्थानों पर जाकर कुल 291 सीटों पर 18591 लोगों के बीच यह सर्वेक्ष्‍ाण्‍ा किया गया। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के नतीजे देखें।

सीएसडीएस के सर्वे में पता चलता है कि अगर अभी चुनाव हों तो उत्तर प्रदेश में बीजेपी बाकी सभी पार्टियों को पीछे छोड़ती नजर आ रही है। आईबीएन7 के लिए सीएसडीएस ने सर्वे किया।

यूपी में अगर अभी चुनाव हों तो 80 सीटों में से बीजेपी को 41 से 49 सीटें मिल सकती है। कांग्रेस 4 से 10 सीटों पर सिमट जाएगी। समाजवादी पार्टी महज 8 से 14 सीटें पाएगी, जबकि बीएसपी के हाथ 10 से 16 सीटें लगेंगी। इसके अलावा अन्य के खाते में 2 से 6 सीटें जा सकती है।

गौरतलब है कि देश में सबसे अधिक 80 लोकसभा सीटों वाला राज्य यूपी से बीजेपी के पास केवल 10 सीटें हैं। जबकि 2009 में सपा को 22, बसपा को 20 और कांग्रेस के हाथ 21 सीटें लगी थी। वहीं बीजेपी को मोदी के मिशन 272 को सबसे अधिक उम्मीद यूपी से ही है।

तो क्या मोदी पीएम बनने वाले हैं?

वर्ष 2014 में होने वाले लोकसभा चुनावों में यूपी की अहमियत को देखते हुए सभी राजनीतिक पार्टियों में रस्साकशी जारी है। सभी बड़ी राजनीतिक पार्टियों की नज़रें इस राज्य की 80 सीटों पर टिकी हैं।

एबीपी न्यूज-नीलसन द्वारा 28 दिसंबर से 12 जनवरी के बीच राज्य में कराए गए ओपिनियन पोल के नतीजे के मुताबिक, 2014 के लोकसभा चुनावों में यूपी में बीजेपी के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी का जादू चलता दिख रहा है। बीजेपी को यहां भारी जीत मिलती दिख रही है। सर्वे के मुताबिक, बीजेपी को राज्य में 35 सीटें मिल सकती हैं।

एबीपी न्यूज-नीलसन के ताजा सर्वे के मुताबिक, अगर अभी चुनाव हुए तो बुंदेलखंड की 4 सीटों में से 2 पर बीजेपी, जबकि 1-1 सीट पर एसपी-बीएसपी का कब्जा होगा। यहां आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाएंगी। मालूम हो कि 2009 में बीजेपी यहां खाता तक नहीं खोल पाई थी।

यानी पिछले साल हुई नरेंद्र मोदी की झांसी रैली का बीजेपी को जबर्दस्त फायदा मिलने वाला है। उधर, दिल्ली विधानसभा चुनाव में जोरदार प्रदर्शन कर पहली बार में ही सत्ता हथियाने वाली 'आप' का यहां कोई असर नहीं दिख रहा है।

यूपी में यहां-यहां जीतेगी भाजपा

मध्य-उत्तर प्रदेश (अवध क्षेत्र) की 12 सीटों में से बीजेपी को 5, बीएसपी को 3, एसपी को 2 और कांग्रेस को 2 सीटें मिलेंगी। वहीं, 'आप' को यहां से एक भी सीट नहीं मिलेगी।

पश्चिमी यूपी की 29 सीटों में बीजेपी को 11, कांग्रेस-आरएलडी गठबंधन को 6, एसपी को 5, बीएसपी को 4 और अन्य के खाते में 1 सीट जाएगी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यहां से 'आप' को 2 सीटें मिलने का अनुमान है।

जानकारों की मानें तो मुजफ्फरनगर दंगों से निपटने में नाकाम रही राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी एसपी से लोग खासे नाराज हैं। वहीं, जनता के बीच कांग्रेस नीत यूपीए सरकार की करप्शन और महंगाई से निपटने में फेल होने वाली सरकार की इमेज बनी है।

पूर्वी यूपी की 35 सीटों में से 17 बीजेपी को, एसपी को 6, बीएसपी को 7, कांग्रेस को 4 जबकि अन्य के खाते में एक सीट जाएगी।

कांग्रेस का सूपड़ा होगा साफ

सर्वे के मुताबिक दिल्‍ली में लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हालत विधानसभा चुनाव की तरह रहने वाली है। यहां कांग्रेस का सूपड़ा साफ होता दिख रहा है। सर्वे के मुताबिक दिल्‍ली में कांग्रेस का खाता खुलना भी मुश्किल है।

आम आदमी पार्टी के खाते में पांच सीटें जबकि बीजेपी की झोली में दो सीटें जा सकती हैं।

पंजाब में कांग्रेस को दो सीटों का नुकसान होने का अनुमान है और यह छह तक सिमट सकती है। शिरोमणि अकाली दल के खाते में एक सीट बढ़कर पांच होने का अनुमान है। बीजेपी को भी एक सीट का फायदा होता दिख रहा है और यह दो हो सकता है।

हरियाणा में कांग्रेस की सीटें 9 से घटकर एक तक सिमट सकती हैं। सूबे में बीजेपी का खाता खुल सकता है और इसे छह सीटें मिल सकती हैं। 'आप' और इनेलो के खाते में एक-एक सीटें जाने का अनुमान है। एक सीट हरियाणा जनहित कांग्रेस के खाते में जा सकती है।

गुजरात में सत्‍तारुढ़ बीजेपी को छह सीटों का फायदा हो सकता है और यह आंकड़ा 21 तक पहुंचने का अनुमान है। कांग्रेस को छह सीटों का नुकसान हो सकता है और पार्टी के खाते में केवल पांच सीटें ही रह सकती हैं।



No comments:

Post a Comment