Monday 20 October 2014

प्रीतम मुंडे ने जीत का बनाया नया रिकार्ड


भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की बेटी प्रीतम मुंडे ने बीड लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में जीत का नया रिकार्ड बनाया है। प्रीतम ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार अशोक पाटिल को छह लाख 96 हजार 321 वोटों से हराया। उन्हें नौ लाख 22 हजार 416 वोट मिले जबकि पाटिल को दो लाख 26 हजार 95 मत हासिल हुए। प्रीतम मुंडे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रिकॉर्ड को भी तोड दिया। 

लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 5 लाख 70 हजार से अधिक मतों से गुजरात के बडोदरा सीट से जीत हासिल की थी जो बडी जीत मानी जा रही थी, लेकिन मोदी 2004 के माकपा के अनिल बसु का रिकॉर्ड नहीं तोड पाए थे। अनिल बसु ने 2004 के आम चुनावों में पश्चिम बंगाल की आरामबाग पर पांच लाख 92 हजार 502 वोटों से जीत दर्ज की थी। वहीं, प्रीतम की बडी बहन और मुख्यमंत्री पद की दावेदार मानी जा रही पंकजा मुंडे ने परली विधानसभा सीट से जीत दर्ज की है।


परली सीट पर पंकजा मुंडे ने अपने चचेरे भाई और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार धनंजय मुंडे को 25895 मतों से शिकस्त दी। मुंडे पिछले लोकसभा चुनाव में बीड सीट से विजयी हुए थे और उसके बाद उन्हें मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया था। ऎसा माना जा रहा था कि महाराष्ट्र में पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में पेश करेगी। लेकिन उनका जून में नई दिल्ली में एक सडक दुर्घटना में निधन हो गया। बीड लोकसभा सीट उनके निधन के कारण ही रिक्त हुई थी। भाजपा ने उनकी अपार लोकप्रियता को देखते हुए उनकी बेटी प्रीतम को उपचुनाव में उतारा था।

No comments:

Post a Comment